विद्यार्थियों के दक्षता आकलन हेतु मॉडल प्रश्नपत्र निर्माण कार्यशाला एक दिन बढ़ी, 1 अक्टूबर को भी जारी रहेगा कार्य
विद्यार्थियों के दक्षता आकलन हेतु मॉडल प्रश्नपत्र निर्माण कार्यशाला एक दिन बढ़ी, 1 अक्टूबर को भी जारी रहेगा कार्य
लखनऊ: राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तर प्रदेश द्वारा विद्यार्थियों के दक्षता आकलन हेतु आयोजित की जा रही मॉडल प्रश्नपत्र निर्माण कार्यशाला की अवधि एक दिन के लिए बढ़ा दी गई है। पूर्व में यह कार्यशाला 28 से 30 सितम्बर के मध्य प्रस्तावित थी, जिसे अब 1 अक्टूबर 2026 तक विस्तारित कर दिया गया है।
परिषद कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र (पत्रांक: राशै० / 28822-36 / 2026–27) के अनुसार, दक्षता आधारित अधिगम के प्रश्नपत्र निर्माण कार्य को पूर्ण करने के उद्देश्य से सभी नामित प्रवक्ताओं एवं शिक्षकों को 1 अक्टूबर को भी परिषद कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। कार्यशाला का समय पूर्वाह्न 9:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक निर्धारित है।
इस संबंध में संबंधित जनपदों (अम्बेडकरनगर, बाराबंकी, मथुरा, एटा, अयोध्या, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, हरदोई, सीतापुर एवं इटावा) के उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य (DIET) तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को पत्र भेजकर नामित 15 प्रतिभागियों को विस्तारित दिवस हेतु कार्यमुक्त करने तथा समय पर प्रतिभाग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को यथासंभव अपने साथ लैपटॉप लाने के लिए कहा गया है।

