सोनभद्र: सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम, BSA ने जारी किया आदेश
सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने 16 सितंबर 2026 को सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
जारी निर्देश के अनुसार—
17 सितंबर 2026 को जनपद के सभी विद्यालयों में दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
18 सितंबर को विद्यालयों में पीटीएम/चित्रकला का आयोजन कराया जाएगा।
21 सितंबर को ब्लॉक स्तर पर चित्रकला कार्यक्रम आयोजित होगा।
25 सितंबर को जनपद स्तर पर कलेक्ट्रेट सभागार में प्रत्येक विकासखंड द्वारा चित्रकला प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
विद्यालय, ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों की फोटो, वीडियो और रील बनाकर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कराई जाएगी।
जनपद के सभी विद्यालयों में अभियान के लिए एक-एक नोडल शिक्षक नियुक्त किया जाएगा।
ब्लॉक स्तर पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी नोडल होंगे तथा संबंधित समग्र शिक्षा के सहायक नोडल की भूमिका निभाएंगे।
जनपद स्तर पर कार्यक्रम के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय एवं जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) नोडल रहेंगे तथा समग्र शिक्षा के सहायक नोडल की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि अभियान के सभी कार्यक्रम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आयोजित कराते हुए उनकी फोटो, वीडियो एवं रील पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
