घोटालाः MDM में अनियमितता के मामले प्रधानाचार्य और जिला समन्वयक पर केस
बलिया, मिड-डे-मील में अनियमितता के मामले में शनिवार को इंटर कॉलेज ताजपुर मुड़ियारी के प्रधानाचार्य और एमडीएम के जिला समन्वयक के खिलाफ मनियर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी बांसडीह अनूप त्रिपाठी की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, शिक्षा क्षेत्र बांसडीह के इंटर कॉलेज ताजपुर मुड़ियारी के छात्र-छात्राओं ने एमडीएम में अनियमितता की शिकायत जिलाधिकारी से गोपनीय रूप से की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने बीएसए मनीष कुमार
सिंह और डीडीओ आनंद प्रकाश की दो सदस्यीय टीम गठित कर मामले की जांच के निर्देश दिए थे। दोनों अधिकारी पांच अगस्त को विद्यालय पहुंचे और जांच की। उन्होंने प्रधानाचार्य चंद्रशेखर पांडेय से कक्षा छह, सात और आठ में छात्र संख्या और शिक्षण व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। जांच के दौरान छात्र उपस्थिति पंजिका में दर्ज छात्र संख्या और यू-डायस पोर्टल पर अपडेट संख्या में काफी अंतर मिला।
विद्यालय में एमडीएम नहीं बनने की बात भी सामने आई। जांच में एमडीएम मद में प्राप्त कुल 13 लाख 71 हजार 573 रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई। इसमें वित्तीय वर्ष 2024-25 में सात लाख 30 हजार 904 रुपये और वर्ष 2025-26 में छह लाख 40 हजार 699 रुपये की अनियमितता पाई गई।
