विद्यालय में छात्र की थाली में मिला मरा मेंढक, हंगामा
महराजगंज :
जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार सुबह करीब नौ बजे छात्रों को नाश्ते में परोसे गए चावल में मरा हुआ मेंढक मिला। कक्षा छह के एक छात्र की थाली में मेंढक मिलने के बाद वह शोर मचाने लगा। इसके बाद अन्य छात्रों ने भी अपनी थालियां जांचनी शुरू कर दीं। नाराज छात्रों ने नाश्ता करना बंद कर हंगामा शुरू कर दिया। प्रभारी प्रधानाचार्य ने छात्रों को समझाते हुए नाश्ता फेंकवा कर पुनः बनवाया। प्रकरण की जांच के लिए शिक्षकों की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।
विद्यालय में कक्षा छह से 12 तक करीब 510 विद्यार्थी आवासीय परिसर में रहकर पढ़ाई करते हैं। उनके लिए नाश्ता और भोजन विद्यालय परिसर में ही तैयार कराया जाता है। रविवार सुबह नाश्ते के लिए कक्षा छह से आठ तक के 100 छात्र हाल में बैठे थे, जिन्हें विद्यालय के कर्मचारी छोला-चावल
परोस रहे थे। इसी दौरान कक्षा छह के एक छात्र की थाली में रखे गए चावल में मरा मेंढक दिखाई दिया। छात्रों के हंगामे की सूचना पर पहुंचे प्रभारी प्रधानाचार्य ने बातचीत कर उन्हें शांत कराया। कुछ देर बाद अभिभावक भी विद्यालय पहुंच गए।
प्रभारी प्रधानाचार्य धीरज कुमार ने बताया कि रसोई घर का संचालन विद्यालय प्रशासन द्वारा स्वयं किया जाता है। प्रकरण की जांच के लिए शिक्षक और मेस इंचार्ज माधव प्रसाद, अनिल मौर्य और ज्योति के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। तीन दिनों के अंदर जांच रिपोर्ट मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। छात्रों के स्वास्थ्य की भी जांच कराई गई है। सभी स्वस्थ हैं। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि नवोदय विद्यालय में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।