शिक्षक भर्ती के लिए अधियाचन मिला, शिक्षा आयोग जल्द जारी करेगा परीक्षा पाठ्यक्रम
प्रयागराज: बेसिक शिक्षा परिषद के नगर क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षक भर्ती के लिए 11,508 रिक्त पदों का विवरण (अधियाचन) ऑनलाइन मिलने के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अब परीक्षा पाठ्यक्रम जारी करने की तैयारी में है। आयोग के अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार ने परीक्षा पाठ्यक्रम विशेषज्ञों के माध्यम से तैयार करा लिया है। इसका परीक्षण कराने के साथ जल्द ही इसे जारी किया जाएगा, ताकि प्रतियोगी उसी अनुरूप तैयारी कर सकें।
शिक्षा सेवा चयन आयोग पोर्टल पर मिले अधियाचन का अर्हता के क्रम में परीक्षण करा रहा है। इसके बाद परीक्षा पाठ्यक्रम जारी करने के साथ परीक्षा के पैटर्न की भी जानकारी वेबसाइट पर दी जाएगी। आयोग भर्ती विज्ञापन जारी करने के साथ परीक्षा की संभावित तिथि भी जारी करेगा। इसके अलावा शिक्षक भर्ती प्रशिक्षण प्राप्त प्रतियोगी नगर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों के लिए भी भर्ती विज्ञापन जारी किए जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। बेसिक शिक्षा परिषद ने अभी आयोग के पोर्टल पर केवल नगर क्षेत्र के अधियाचन अपलोड किया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों की रिक्तियों का परीक्षण किया जा रहा है। 45,000 से ज्यादा पद रिक्त होने का अनुमान है। अधियाचन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र के लिए भी विज्ञापन जारी कर आयोग परीक्षा संपन्न कराएगा। इस तरह नगर और ग्रामीण क्षेत्र को मिलाकर बड़ी संख्या में शिक्षक भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा सकता है।
बेसिक शिक्षा परिषद के नगर क्षेत्र के लिए 11,508 पदों पर भर्ती परीक्षा की तैयारी
