यूपी : आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा
लखनऊ। यूपी कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने रविवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफे की जानकारी अपने फेसबुक और एक्स एकाउंट के माध्यम से दी। दिव्या को मई 2026 में देवरिया के डीएम के पद से हटाकर राजस्व विभाग में विशेष सचिव बनाया गया था, जिससे वह नाराज बताई जा रही थीं। हालांकि, उन्होंने इस्तीफे का कारण जानने के लिए फोन से संपर्क करने पर कोई जवाब नहीं दिया।
दिव्या ने रविवार सुबह भावुक पोस्ट में बताया कि उन्होंने 13 वर्षों की यादगार यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए त्यागपत्र दे दिया है। वहीं, नियुक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अमर उजाला को बताया कि अभी उनका इस्तीफा नहीं मिला है। रविवार होने की वजह से ऐसा हो सकता है।
दिव्या मिर्जापुर की डीएम रहने के दौरान लहुरियादह में आजादी के 75 वर्ष बाद पेयजल सुविधा मुहैया कराकर चर्चा में आई थीं। उनके पति गगनदीप सिंह ढिल्लों ने भी 2022 में भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दिया था।
वीआरएस या इस्तीफा देने वाले यूपी के कुछ आईएएस अधिकारी
जनवरी 2026 में 2004 बैच की अनामिका सिंह ने वीआरएस लिया।
नवंबर 2025 में 1995 बैच के आमोद कुमार ने वीआरएस लिया।
अक्तूबर 2023 में 2011 बैच के अभिषेक सिंह ने इस्तीफा दिया। उनकी पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल भी आईएएस अधिकारी हैं।