लखनऊ। 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण के नियमों को लेकर
दलित व पिछड़े वर्ग के 6800 अभ्यर्थी नियुक्ति के लिए 29 अगस्त से नियमित धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। अभ्यर्थी बेसिक शिक्षा निदेशालय, लखनऊ कार्यालय के सामने धरने पर बैठेंगे। वहीं अगर उनकी इस मामले में सीएम से मुलाकात नहीं कराई गई तो वे आमरण अनशन भी करेंगे। अभ्यर्थियों का नेतृत्व कर रहे विजय यादव ने कहा कि 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण व्यवस्था के क्रियान्वयन में विसंगतियों के कारण बड़ी संख्या में पात्र व मेरिट के अभ्यर्थी चयन और नियुक्ति से वंचित रह गए। बेसिक शिक्षा विभाग ने 5 जनवरी 2022 को 6800 अभ्यर्थियों की सूची जारी की थी, जिन्हें नियुक्ति देने की प्रक्रिया आज तक पूरी नहीं हुई है। लगभग सात साल से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि 6800 की सूची में शामिल पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए।
