आरक्षण की तरह शिक्षा व्यवस्था को भी कर रहे निष्क्रिय : मायावती
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सरकारी स्कूलों की व्यवस्था की अनदेखी पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बृहस्पतिवार को बयान जारी कर कहा कि पूरी शिक्षा व्यवस्था को आरक्षण की तरह निष्क्रिय बनाने का कुचक्र चलाया जा रहा है। बसपा ने हजारों सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने का लगातार विरोध किया है।
मायावती ने बताया कि स्कूलों में भवन, शिक्षक, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। नन्हें जेन-अल्फा बच्चे इन सुविधाओं के लिए मुखर होने के साथ आंदोलित भी हैं। देश भर में, विशेषकर यूपी और उत्तर भारत के राज्यों में स्कूलों की हालत बदतर है। स्कूली छात्र और उनके माता-पिता
अच्छी शिक्षा को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं। वे जेन-जी यानी कॉकरोच जनता पार्टी के स्कूल ठीक करो अभियान में उत्साह से भाग ले रहे हैं। यह दुखद है कि बच्चों को पढ़ने-लिखने की उम्र में बुनियादी सुविधाओं के लिए सड़कों पर संघर्ष करना पड़ रहा है।
मायावती ने कहा कि स्कूली शिक्षा बहुजन समाज के लोगों के लिए विशेष चिंता का विषय रही है। बसपा ने यूपी में अपनी चारों सरकारों में इस शोषित-पीड़ित समाज की शिक्षा पर पूरा ध्यान दिया था। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों पर इन लोगों की लगातार उपेक्षा करने का आरोप लगाया। मायावती ने सभी सरकारों से जेन-अल्फा बच्चों की बेहतर शिक्षा संबंधी मांगों पर तत्काल ध्यान देने की अपील की।