आज से 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को फ्री बस यात्रा
लखनऊ। प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को शुक्रवार से रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। लोकमाता अहिल्या बाई मातृ शक्ति यात्रा योजना को राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू किया जा रहा है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि लाभ उत्तर प्रदेश की निवासी महिलाओं को मिलेगा। यात्रा के दौरान आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र दिखाने पर ईटीआईएम मशीन से शून्य मूल्य का टिकट जारी होगा। टिकट में बस नंबर और यात्रा के प्रारंभ व गंतव्य का विवरण दर्ज रहेगा। महिलाओं को जल्द स्मार्ट कार्ड भी जारी किए जाएंगे। परिवहन निगम खर्च का विवरण देकर शासन से प्रतिपूर्ति प्राप्त करेगा
