यूपी में 31 अगस्त से 2 सितंबर तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट, कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 31 अगस्त से 2 सितंबर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और मेघगर्जन की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
31 अगस्त से 1 सितंबर तक ऑरेंज अलर्ट
31 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 1 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर (भदोही) और रायबरेली समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, वाराणसी, जौनपुर और अमेठी में भारी बारिश का येलो अलर्ट बताया गया है।
पूर्वांचल, अवध और बुंदेलखंड में वज्रपात का खतरा
इस दौरान पूर्वांचल, अवध और बुंदेलखंड के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, लखनऊ, अयोध्या और कानपुर समेत कई जिलों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
1 से 2 सितंबर तक बढ़ेगा बारिश का दायरा
1 सितंबर सुबह 8:30 बजे से 2 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, रायबरेली और अमेठी में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।
इसके अलावा लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, वाराणसी, जौनपुर, बरेली, पीलीभीत, मुरादाबाद और बिजनौर समेत कई मध्य एवं पश्चिमी जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।
श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, सीतापु
र, हरदोई, झांसी और ललितपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना बनी रहेगी।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
लगातार बारिश से कई स्थानों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। वहीं बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए लोगों को बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और अन्य असुरक्षित स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
