वाराणसी में 25 अगस्त को कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद
वाराणसी। जनपद वाराणसी एवं आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, वाराणसी ने 25 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार यह निर्णय भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) से प्राप्त अत्यधिक वर्षा की संभावना संबंधी पूर्वानुमान तथा जिला प्रशासन के निर्देशों के आधार पर लिया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय 25 अगस्त को बंद रहेंगे। यह आदेश परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त तथा अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधनों एवं प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापकों को आदेश का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), जिला विद्यालय निरीक्षक तथा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों समेत अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है।
गौरतलब है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना को लेकर मौसम विभाग की ओर से लगातार चेतावनियां जारी की जा रही हैं।
