औरैया में 24 अगस्त को कक्षा 8 तक के स्कूल बंद, भारी बारिश के चलते बीएसए ने जारी किया आदेश
औरैया। जनपद में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा और मौसम विभाग की प्रतिकूल मौसम की चेतावनी को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, औरैया ने विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संज़ीव कुमार द्वारा 23 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार 24 अगस्त 2026 को जनपद के कक्षा 1 से 8 तक संचालित समस्त परिषदीय, मान्यता प्राप्त एवं शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय बंद रहेंगे।
आदेश में कहा गया है कि लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रधानाध्यापक/प्रधानाचार्य एवं संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को बच्चों के अभिभावकों को अवकाश की सूचना तत्काल देने के निर्देश दिए गए हैं। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड में आदेश का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
अभिभावकों से अपील है कि 24 अगस्त को बच्चों को विद्यालय न भेजें और मौसम की स्थिति को देखते हुए उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
