मिर्जापुर में भारी बारिश का असर: कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद
मिर्जापुर, 18 अगस्त 2026। जनपद में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर 18 अगस्त को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मीरजापुर की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्ड से संचालित कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों पर लागू होगा।
हालांकि विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें डीबीटी, यू-डायस, ड्रापबॉक्स, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा, उल्लास ऐप, कैचअप कार्यक्रम सहित अन्य विभागीय कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में सभी प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को भी अपने स्तर से आदेश का अनुपालन कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी बनी हुई है।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और खराब मौसम की स्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
