सात जुलाई तक हर हाल में छात्रों को मुहैया कराएं अंकपत्र, माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने दिए निर्देश
प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के सचिव भगवती सिंह ने बुधवार को निर्देश दिया कि 10वीं और 12वीं के छात्रों को सात जुलाई तक हर हाल में अंकपत्र मुहैया करा दिए जाएं। उन्होंने कहा कि एक जुलाई से स्कूल खुल गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक सुनिश्चित करें कि स्कूलों को अंकपत्र मिले हैं या नहीं। यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित हुए दो माह हो गए हैं। इसके बाद भी 43.50 लाख से अधिक छात्रों को अंकपत्र नहीं मिल पाए हैं। इससे छात्र उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। यूपी बोर्ड में 10वीं में 23.52 लाख और 12वीं में 19.98 लाख छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। बोर्ड परीक्षा का परिणाम तत्कालीन निदेशक महेंद्र देव ने 25 अप्रैल को घोषित किया था। सचिव भगवती सिंह ने कहा है कि एक जुलाई से सात जुलाई के बीच स्कूलों को अंकपत्र मुहैया कराएं जाने का निर्देश सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को दिया गया है।
