गृह मंत्रालय का निर्देश-पहले वंदे मातरम, फिर जन-गण-मन होगा
नई दिल्ली, : गृह मंत्रालय ने राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' और राष्ट्रगान 'जन-गण-मन' को लेकर सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों को नए निर्देश जारी किए हैं। गृह मंत्रालय ने फिर से दोहराया है कि जब कभी राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों एक साथ प्रस्तुत किया जाए, तो पहले राष्ट्रगीत गाया जाना चाहिए और उसके बाद राष्ट्रगान। इससे पहले 28 जनवरी को मंत्रालय ने राष्ट्रगीत पर प्रोटोकाल जारी किया था।
नौ जुलाई को लिखे पत्र में सरकार ने इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। इस पत्र के साथ राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से जुड़े मौजूदा आदेशों की जानकारी भी भेजी गई। मंत्रालय ने इस बात पर भी जोर दिया है कि राष्ट्रगीत और
राष्ट्रगान को गाते या बजाते समय उनकी सही लिपि, शब्द, उच्चारण और बोलने के तरीके का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। नियमों का पालन आसान बनाने के लिए गृह मंत्रालय ने कहा है कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का प्रामाणिक पाठ और सही उच्चारण मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन राज्यों में राज्य गीत भी प्रस्तुत किया जाता है, वहां राज्य गीत को भी राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के साथ गाया या बजाया जाएगा। जब राज्य गीत, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान तीनों एक साथ प्रस्तुत किया जाए, तो राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें पहले राष्ट्रगीत होगा और उसके बाद राष्ट्रगान गाया या बजाया जाएगा।
