एलटी सामाजिक विज्ञान में 921 अभ्यर्थियों के अभ्यर्थन निरस्त
प्रयागराज सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) परीक्षा-2025 के सामाजिक विज्ञान विषय के आवेदन पत्रों की सन्निरीक्षा (स्कूटनी) के बाद भर्ती विज्ञापन की शर्तें पूरी न होने पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 921 अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए हैं। आयोग ने अभ्यर्थन निरस्त किए जाने का कारण अभ्यर्थियों के अनुक्रमांकवार वेबसाइट पर बताया है। साथ ही अभ्यर्थन निरस्त किए जाने के विरुद्ध प्रत्यावेदन देने के लिए छह जुलाई को शाम पांच बजे तक का समय दिया है।
आयोग के अनुसचिव शैलेंद्र सिंह के अनुसार 175 अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन समयसीमा के अंदर आनलाइन परंपरागत आवेदन पत्र की प्रक्रिया पूर्ण न किए जाने के कारण निरस्त किया गया है। 65 अभ्यर्थियों
के आवेदन इसलिए निरस्त किए गए हैं, क्योंकि उन्होंने आनलाइन आवेदन पत्र की प्रक्रिया पूर्ण कर आवेदन प्राप्ति की अंतिम तिथि 24 मार्च तक आयोग को उपलब्ध नहीं कराई। इसके अलावा 369 अभ्यर्थियों ने निर्धारित अनिवार्य अर्हता इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान तथा अर्थशास्त्र विषयों में से कम से कम किन्हीं दो विषयों में स्नातक उपाधि के सापेक्ष सर्टिफिकेट कोर्स का जो प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया है, उसे आयोग ने स्नातक न मानते हुए संबंधित को अनर्ह कर दिया है। इसी तरह 117 अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन निरस्त किए जाने के आयोग ने दो कारण बताए हैं। इसके अतिरिक्त श्रेणी/उपश्रेणी में परिवर्तन अनुमन्य न होने के कारण 41 अभ्यर्थियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी का लाभ देय नहीं होने के कारण आवेदन निरस्त किया गया है।
