छात्रा की पिटाई : 15 छड़ी के बदले शिक्षिका पर 45 हजार रुपये का जुर्माना
कटिहारः बिहार के कटिहार जिले में सरकारी स्कूल की एक शिक्षिका पर चोरी के संदेह में छात्रा की पिटाई के बदले प्रति छड़ी के हिसाब से जुर्माना लगाने का मामला सामने आया है।
शिक्षकों, विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों की संयुक्त बैठक में शिक्षिका ने छात्रा को 15 छड़ी मारने की बात स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होने का भरोसा दिया। इसके बाद पंचायत ने प्रति छड़ी तीन हजार रुपये के हिसाब से 45 हजार रुपये अर्थदंड लगाने का निर्णय लिया। इसमें 10 हजार रुपये घायल छात्रा के उपचार के लिए दिए गए, जबकि शेष 35 हजार रुपये मंदिर विकास के लिए मंदिर समिति के अध्यक्ष को सौंप दिए गए।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने संबंधित शिक्षिका से स्पष्टीकरण तलब किया है। बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई
कटिहार जिले में संयुक्त पंचायत का निर्णय, 10 हजार छात्रा के उपचार और 35 हजार मंदिर में दान का फैसला
है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि बीते शुक्रवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय झिकटिया की शिक्षिका आभा कुमारी ने 50 रुपये चोरी के संदेह में एक छात्रा की छड़ी से पिटाई कर दी।
घर पहुंचने पर छात्रा ने स्वजन को शरीर पर चोट के निशान दिखाए। मामले की लिखित शिकायत कोढ़ा थाना पुलिस और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी गई। शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और शिक्षिका का घेराव करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष चंदन कुमार ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराया। इसके बाद पंचायत बुलाई गई जिसमें जुर्माना लगाया गया।
