UPTET Exam की तैयारी कर रहे शिक्षकों को नहीं मिलेगा विशेष अवकाश, BSA ने किया इन्कार
मेरठ। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित सभी प्राथमिक एवं जूनियर स्कूल मंगलवार से ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद खुल गए हैं। वहीं, आगामी 2 से लेकर 4 जुलाई तक अब उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यानि यूपीटेट परीक्षा-26 का आयोजन किया जा रहा है।
यूपीटेट की अनिवार्यता और परीक्षा के चलते अधिकांश शिक्षक-शिक्षिकाएं परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मांगते हुए कई दिनों का विशेष अवकाश की मांग कर रहे हैं । उधर, बीएसए ने आदेश जारी कर दिया है कि यूपीटेट परीक्षा के लिए शिक्षक-शिक्षकों को कोई विशेष अवकाश देय नहीं होगा। इसी के साथ परीक्षा के चलते स्कूल संचालन एवं कार्यों में कोई व्यवधान उत्पन्न होता है तो दी गई अनुमति स्वत: निरस्त हो जाएगी।
जिले में 1068 प्राथमिक व जूनियर स्कूल संचालित हैं। यूपीटेट की अनिवार्यता किए जाने से इन स्कूलों के अधिकांश शिक्षक-शिक्षिकाएं आगामी 2 से लेकर 4 जुलाई तक होने वाली यूपीटेट परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
अभ्यर्थी किस शहर में परीक्षा देंगे। इसकी जानकारी आगामी 22 जून को मिलेगी। 30 जून को एडमिट कार्ड जारी होने की संभावना है। वहीं, मंगलवार से जिले के सभी प्राथमिक और जूनियर स्कूल ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद खुल गए हैं।
शिक्षक असमंजस में, कैसे करें परीक्षा की तैयारी
स्कूल खुलने और परीक्षा की तैयारी को लेकर जिले के सैकड़ों की संख्या में शिक्षक शिक्षिकाएं असमंजस में हैं। उनकी मुश्किल यह है कि स्कूल खुलने पर अब परीक्षा की तैयारी कैसे करें। इसके लिए बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विशेष अवकाश के लिए बीएसए कार्यालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर दिए हैं।
बड़ी संख्या में आए आवेदन पत्रों को देखते हुए बीएसए आशा चौधरी ने भी परीक्षा में शामिल होने के लिए सशर्त आदेश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालय अवधि के दौरान परीक्षा की तैयारी नहीं करेंगे।
दूसरे शिक्षक-शिक्षिकाओं को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी यूपीटेट के लिए विशेष अवकाश भी देय नहीं होगा। बीएसए ने कहा है परीक्षा के चलते स्कूल संचालन एवं कार्यों में कोई व्यवधान उत्पन्न होता है तो परीक्षा के लिए दी गई अनुमति स्वत: निरस्त हो जाएगी।
