छठ पर स्कूल-कॉलेज, सरकारी दफ्तर सब सोमवार को बंद, इस जिले में डीएम का आदेश
लोक आस्था के पावन पर्व छठ पर अब बिहार की तरह यूपी में भी स्कूल-कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों में छुट्टी का ऐलान होने लगा है। फिलहाल बिहार से सटे वाराणसी में सोमवार को छठ के मौके पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। वैसे तो छठ की शुरुआत आज यानी शुक्रवार से ही हो गई है। उगते सूर्य को अध्य के साथ सोमवार को इसका समापन होगा। ज्यादातर लोग रविवार की शाम डूबते सूर्य को अर्ध्य देने के साथ ही पूरी रात जागते हुए और बीताते हैं। ऐसे में आस्थावानों की सुविधा के लिए प्रशासन ने सोमवार को छुट्टी का ऐलान कर दिया है।
बिहार से प्रसिद्ध होते हुए छठ यूपी के साथ पूरे देश में श्रद्धा के साथ मनाया जाने लगा है। जिस तरह से बिहार में नदियों किनारे आस्था उमड़ती है अब यूपी में भी उसी तरह की स्थिति देखने को मिल रही है। खासकर धर्म और अध्यात्म की नगरी वाराणसी पूरी तरह छठ की छटा में समाहित नजर आती है। गंगा के किनारे सभी घाटों पर आस्थावानों की जनसमूह दिखाई देता है। छठ को मनाने के लिए बेदियां बनाई जा चुकी हैं।
क्या है डीएम का आदेश
जिलाधिकारी वाराणसी की तरफ से जारी आदेश के अनुसार छठ पूजा पर्व के अवसर पर 16 नवंबर सोमवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। ऐसे में सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। यह स्थानीय अवकाश मुख्य रूप से 'माल विभाग' (Revenue Department) पर भी प्रभावी होगा। इसका अर्थ है कि राजस्व से संबंधित सभी कार्यालय और सरकारी दफ्तर सोमवार को बंद रहेंगे। यह आदेश उन सभी संबंधित विभागों पर लागू होगा जो प्रशासनिक और राजस्व कार्यों से जुड़े हैं। जिले में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा होने से स्कूल-कॉलेजों में भी छुट्टी हो गई है।
घाट किनारे तैयारियों में जुटे रहे लोग
चार दिवसीय महापर्व की अगवानी में काशी के बाजार और गंगा तट सजने लगे हैं। घरों में छठी मइया के मंगलगीत गूंज रहे हैं तो घाटों पर व्रतियों के लिए वेदियां बनाने और पूजन स्थल तैयार हो रहे हैं। गुरुवार को सूप, दउरा, डलिया, मिट्टी के चूल्हे, नारियल, गन्ना, मौसमी फल खरीदे। बिहार और पूर्वांचल की बड़ी आबादी के कारण काशी में डाला छठ का हमेशा से विशेष उत्साह रहा है। 84 गंगा घाटों पर छठ पूजा के दौरान श्रद्धालु भगवान आदित्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार के सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना करते हैं। ऐसे में पूजा के लिए मनपसंद स्थान पहले से सुरक्षित किए जाते हैं।
ये भी पढ़ें:हिंदू घटे, मुस्लिम वोटर बढ़ गए; सीएम योगी को कैसे मिला डाटा, अखिलेश को जवाब
छठ पूजा के दौरान इसी वेदी पर पूजन सामग्री रखकर विधि-विधान से भगवान भास्कर की आराधना की जाती है। गुरुवार से घाटों पर धार्मिक गतिविधियां तेज रहीं। व्रती महिलाओं ने परिवार के साथ गंगा घाटों पर पहुंचकर पूजन के लिए स्थान सुरक्षित करना शुरू कर दिया है। घाट की सीढ़ियों और कच्ची मिट्टी पर स्थान चुनकर वेदियां बनाने और उन्हें व्यवस्थित करने का जिम्मा परिवार के युवाओं ने उठाया है। घाटों और जलाशयों से दूर रहने वाले परिवारों ने घरों की छत और आंगन को अनुष्ठान का केंद्र बनाया है।
वेदियों पर इनकम टैक्स, वीडीए और जीएसटी
गंगा घाटों पर वेदियां बनाने और जगह घेरने के लिए तरह तरह के हथकंडे भी अपनाए जा रहे हैं। घाटों पर तैयार वेदियों पर चूना और चॉक से पुलिस, इनकम टैक्स, वीडीए, जीएसटी जैसे नामों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कई वेदियों के आसपास किसी विभाग के अधिकारी या कर्मचारी बताते हुए नाम भी लिखे गए हैं। व्रती परिवारों के युवाओं ने गुरुवार रात से वेदियों के आसपास पहरा देना भी शुरू कर दिया है। तय स्थान को डंडियां और रस्सियां लगाकर घेरा जा रहा है।
