24 जून से जुलाई के बीच सर्विस बुक में हेरफेर करने का आरोप
प्रयागराज। बेसिक शिक्षा निदेशक और वरिष्ठ सहायक के खिलाफ नामजद एफआईआर के मामले में शिकायतकर्ता शशि कुमार का दावा है कि 24 जून को जब उनकी सर्विस बुक मंगाई गई थी, तब उसमें कोई प्रतिकूल इंट्री नहीं थी। जुलाई में जब सर्विस बुक और फाइल वापस प्रबंध अनुभाग पहुंची तो उसमें 31 मार्च की तारीख से प्रतिकूल इंट्री दर्ज मिली। उनका आरोप है कि 24 जून से जुलाई के बीच यह हेरफेर की गई।
आरोप है कि आरटीआई से मिली जानकारी में प्रतिकूल इंट्री से संबंधित आदेश नौ जुलाई 2021 को भेजा गया था, जबकि उस पर 31 मार्च 2021 की तारीख लिखी थी। आरोप है कि 15 जून 2021 को शासनादेश के तहत अनिल भूषण चतुर्वेदी का तबादला हो गया था, लेकिन उन्होंने 29 जून को अपना कार्यभार सौंपा। इसी बीच 24 जून को उनकी सर्विस बुक मंगाई गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया है कि कार्यालय के कई कर्मचारियों ने लिखित बयान देकर उनके साथ उत्पीड़न और सर्विस बुक में हेरफेर किए जाने की बात कही है। कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर दस्तावेजों और कर्मचारियों के बयान की जांच की जाएगी।
