चंदौली में परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति के लिए काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी, 12 और 13 नवंबर को होगी प्रक्रिया
**चंदौली।** जिले में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की पदोन्नति को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक पद पर पदोन्नति के लिए पात्र शिक्षकों की काउंसिलिंग 12 और 13 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 12 नवंबर को दिव्यांग महिला एवं दिव्यांग पुरुष शिक्षकों के साथ समस्त महिला शिक्षिकाओं की काउंसिलिंग कराई जाएगी। वहीं, 13 नवंबर को समस्त पुरुष शिक्षकों की काउंसिलिंग होगी। काउंसिलिंग का समय सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह प्रक्रिया डायट सकलडीहा, चंदौली में संपन्न होगी।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नति के लिए संबंधित स्तर की टीईटी उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। सभी पात्र शिक्षकों को निर्धारित तिथि पर अपने प्रशिक्षण प्रमाणपत्र, टीईटी प्रमाणपत्र, नियुक्ति पत्र एवं पदोन्नति आदेश तथा पहचान पत्र की स्वप्रमाणित छायाप्रतियों सहित उपस्थित होना होगा।
निर्धारित तिथि और समय पर काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों को विद्यालय विकल्प का अवसर नहीं मिलेगा। ऐसे शिक्षकों को विद्यालय आवंटन विभागीय स्तर से किया जाएगा।
