UP School Closed: भारी बारिश की चेतावनी के बाद जौनपुर में कक्षा 8 तक के स्कूल कल बंद, बीएसए ने जारी किया आदेश
जौनपुर: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी भारी बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी को देखते हुए जौनपुर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को 30 अक्टूबर 2026 को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) समीर द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, यह आदेश जनपद के सभी परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, स्व-वित्तपोषित (प्राइवेट मान्यता प्राप्त), सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) और अन्य सभी बोर्डों से संचालित विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
शिक्षकों और कर्मचारियों को जाना होगा स्कूल
आदेश में यह भी साफ़ किया गया है कि केवल छात्रों के लिए शिक्षण कार्य बंद रहेगा। विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य कर्मचारी रोज़ की तरह अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहेंगे और विभागीय व प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करेंगे। बीएसए ने इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
