परिषदीय स्कूलों का समय बदलकर सुबह आठ से दोपहर दो बजे करने की मांग
गाजियाबाद, गुलशन भारती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिलाधिकारी को पत्र देकर परिषदीय विद्यालयों का समय में बदलाव नहीं करने की मांग की है। संघ का कहना है कि अक्तूबर माह शुरू होने के बावजूद जिले में भीषण गर्मी और तापमान का असर बना हुआ है। संघ के जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा और प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अनुज त्यागी द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है कि शासन के निर्देशानुसार एक अक्तूबर से परिषदीय विद्यालयों का समय सुबह नौ बजे से अपराह्न तीन बजे तक निर्धारित किया गया है, लेकिन वर्तमान में दोपहर के समय अधिक तापमान होने के कारण विद्यालय में अध्ययनरत छोटे बच्चों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
विशेषकर प्राथमिक कक्षाओं के छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और उनकी सहज सीखने की प्रक्रिया पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। संघ ने बच्चों की सुविधा, स्वास्थ्य और शैक्षिक हित को ध्यान में रखते हुए अक्तूबर माह के लिए परिषदीय विद्यालयों का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित करने की मांग की है।
