कौन है छात्रों को पंखे पर लटकाने वाला वो शिक्षक? नशे में पहुंचा स्कूल, BEO ने BSA को भेजी रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक शिक्षक का अजीबो गरीब कारनामा सामने आया है। प्राइमरी स्कूल के इस शिक्षक पर आरोप है कि वह नशे में धुत होकर ड्यूटी पर आया और बच्चों को पढ़ाने की बजाए पंखे पर लटकने को कह दिया। कुछ छात्र उसके कहने पर पंखे पर लटकने भी लगे। आरोप है कि शिक्षक ने नशे की हालत में स्कूल में हंगामा भी किया। मामले की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) तक पहुंची तो उन्होंने शुरुआती जांच-पड़ताल के बाद शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए बीएसए को को रिपोर्ट भेज दी।
घटना, बुलंदशहर के नरसेना के एक गांव में स्थित प्राथमिक स्कूल की है। शिक्षक के इस कृत्य से अभिभावकों में भी काफी गुस्सा है। उन्होंने स्कूल में जमकर हंगामा किया और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अभिभावकों में से किसी ने नशे में धुत शिक्षक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। गांववालों का आरोप है कि शिक्षक अक्सर शराब पीकर स्कूल आता है।
अभिभावकों ने शिक्षक पर बच्चों के साथ बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया। शिक्षक द्वारा स्कूल में हंगामा मचाने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक आरोपी शिक्षक स्कूल से चला गया था। गांववालों ने पुलिस से भी इस संबंध में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिक्षक की शिकायत की और मांग की कि इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने बीएसए को रिपोर्ट भेजी है। खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए यह रिपोर्ट भेजी गई है।
शिक्षक की हरकत से गांववाले हैरान
नशे में धुत होकर स्कूल आने के आरोपी शिक्षक की हरकत से गांववाले हैरान हैं। शिक्षक ने ऐसा क्यों किया यह कोई समझ नहीं पा रहा है। गांववालों का कहना है कि शिक्षक अपनी आदत से मजबूर है। उसकी रुचि बच्चों को पढ़ाने में नहीं है। वह अक्सर शराब पीकर स्कूल आता है। बच्चों को पढ़ाने की बजाए उनके साथ अभद्रता से बात करता है। उसकी वजह से स्कूल का माहौल बुरी तरह खराब हो गया है। बच्चे भी उसकी हरकतों से डर जाते हैं और स्कूल नहीं आना चाहते। गांववालों का कहना है आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय और कानूनी दोनों स्तर पर कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि स्कूल में पढ़ाई-लिखाई का अच्छा माहौल बनाया जाना चाहिए।
