पति की ग्रेच्युटी पाने के लिए चक्कर काट रही महिला
● निदेशक ने बकाया भुगतान के निर्देश दिए
लखनऊ, । गोखले मार्ग स्थित मध्यांचल विद्युत वितरण निगम मुख्यालय में शनिवार को आयोजित बिजली पेंशन अदालत में निदेशक आरपी सिंह ने पेंशनरों और उनके परिजनों की तकलीफें सुनी। तभी राधा देवी की दास्तान ने माहौल को गमगीन कर दिया।
राधा देवी के पति स्वर्गीय राम किशोर निगम में एक कुशल श्रमिक के रूप में आलमबाग डिवीजन से 30 सितम्बर 2019 को रिटायर हुए। इसके बाद 1 जून 2022 को दुनिया से विदा हुए। प्रतापगढ़ से अपने बेटे अरुण संग पहुंची राधा देवी ने बताया कि पति के जाने के बाद भी उन्हें छठे और सातवें वेतन आयोग के तहत मिलने वाली ग्रेच्युटी की हक की रकम के लिए भटकना पड़ रहा है।
वहीं, रिटायर्ड कर्मचारी लईक अहमद और सुभाष चन्द्र मिश्रा ने भत्ते का भुगतान, चौक के रामदीन की ग्रेच्युटी के लिए गुहार लगाई। निदेशक आरपी सिंह ने अफसरों को सख्त निर्देश दिए कि जांच कर जल्द बकाया भुगतान किया जाए।
