पीएम आवास योजना नाम की एपीके फाइल खोलते ही हैक हो गए 350 मोबाइल फोन
अमरोहा। पीएम आवास योजना के नाम पर भेजी गई एपीके फाइल खोलते ही बुधवार रात तीन व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े करीब 350 लोगों के मोबाइल हैक हो गए। करीब 19 मिनट तक फोन काम नहीं कर सके। इसी दौरान सात लोगों के बैंक खातों से 67 हजार रुपये निकल गए। मोबाइल बंद करने पर संदिग्ध गतिविधियां रुक गईं। पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। जिले में मेरा देश महान, राजनीति और इंडियन यूथ नाम से तीन व्हाट्सएप ग्रुप हैं, जिनमें देशभर के लोग जुड़े हैं। बुधवार रात करीब 11 बजे मेरा देश महान ग्रुप में दिल्ली निवासी राहिल के नंबर से पीएम आवास के नाम पर एपीके फाइल भेजी गई। योजना से संबंधित जानकारी समझकर कुछ लोगों ने इसे खोल दिया। इसके बाद मोबाइल में दिक्कत शुरू हो गई और फाइल दोनों अन्य ग्रुप में भी शेयर होने लगी। एक के बाद एक फोन काम करना बंद कर गए। मोहल्ला बटवाल निवासी मुजम्मिल ने मोबाइल हैक होने की आशंका पर तत्काल फोन बंद कर दिया। इसके बाद साइबर ठगों की गतिविधियां रुक गईं। करीब 19 मिनट बाद मोबाइल सामान्य हुए तो लोगों ने बैंक खातों की जांच की। मोहल्ला दानिशमंदान निवासी रिफाकत के मोबाइल पर खाते से नौ हजार रुपये निकलने का संदेश आया। ग्रुप के सदस्यों से संपर्क करने पर सात लोगों के खातों से कुल 67 हजार रुपये निकलने की जानकारी मिली। लोगों ने एपीके फाइल भेजने वाले नंबर और उसके स्रोत की जांच की मांग की है। रिफाकत ने साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
