विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज, कल 33 जिलों के डीएम को प्रशिक्षण
लखनऊ। यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सोमवार को 33 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों यानी डीएम और उप निर्वाचन अधिकारियों ईवीएम व वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग की प्रक्रिया समझाने को प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। डा. राम मनोहर लोहिया प्रशिक्षण एवं प्रबंधन अकादमी में आयोजित होने वाली इस प्रशिक्षण कार्यशाला में जानकारी दी जाएगी। चुनाव आयोग की ओर से एफएलसी की प्रक्रिया को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी व निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि इससे पूर्व गौतमबुद्ध नगर में 21 व वाराणसी में 21 जिलों के अधिकारियों का प्रशिक्षण कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिलों में एफएलसी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी दी जाएगी।
