सोना सात सप्ताह के उच्च स्तर पर, चांदी भी मजबूत
नई दिल्ली, । राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में लगातार तीसरे सत्र में बढ़त देखी गई। रुपये की कीमत में गिरावट और मजबूत वैश्विक रुख की वजह से सोना 3,800 रुपये महंगा होकर सात सप्ताह के सबसे ऊंचे स्तर 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
इससे पहले सोना 18 जून को 1,53,440 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर के आसपास बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी पिछले सत्र के 2,32,700 रुपये प्रति किलोग्राम से 2,100 रुपये बढ़कर 2,34,800 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई। कारोबारियों ने कहा कि रुपये में कमजोरी के कारण घरेलू बाजार में आयातित सर्राफा महंगा हो गया, जबकि कमजोर डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में नरमी के बीच विदेशी बाज़ार में सोने की कीमतों में बढ़त ने कीमती धातुओं को और सहारा दिया।
सेंसेक्स 374 अंक चढ़ा, निफ्टी में मामूली बढ़त
स्थानीय शेयर बाजारों में गुरुवार को मिला-जुला रुख रहा। कच्चे तेल के दाम में नरमी और रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा आईसीआईसीआई बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 374 अंक के लाभ में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी में मामूली 11 अंक की तेजी रही।
सेंसेक्स कारोबार के दौरान सकारात्मक दायरे में रहा। अंत में यह 373.76 अंक बढ़कर 78,954.76 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 11.35 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,636 अंक पर बंद हुआ।

