बलिया के परिषदीय विद्यालयों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक, बिना अनुमति फोटो-वीडियो बनाने पर भी सख्ती
बलिया। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में अब किसी भी बाहरी व्यक्ति के अनधिकृत प्रवेश और विद्यालय परिसर में फोटो-वीडियो बनाने पर रोक लगा दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ बाहरी व्यक्ति एवं YouTuber आदि अनधिकृत रूप से परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश कर विद्यालय एवं स्टाफ की फोटो तथा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। इससे विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य प्रभावित होने के साथ-साथ शिक्षक पद की गरिमा और विभाग की छवि भी प्रभावित हो रही है।
बिना अनुमति नहीं बना सकेंगे फोटो-वीडियो
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कोई भी बाहरी व्यक्ति, YouTuber अथवा सोशल मीडिया से जुड़ा व्यक्ति सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना परिषदीय विद्यालय में प्रवेश कर फोटो/वीडियोग्राफी नहीं करेगा।
आदेश में यह भी कहा गया है कि शासन/प्रशासन द्वारा विद्यालयों के निरीक्षण के लिए पहले से ही विभागीय एवं अन्य जनपदीय अधिकारियों को नामित किया गया है। उनके द्वारा समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया जाता है।
आदेश तत्काल प्रभाव से लागू
विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य सुचारू रूप से संचालित कराने तथा शिक्षक पद की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। जिला बलिया के सभी परिषदीय विद्यालयों में बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश को तत्काल प्रभाव से वर्जित किया गया है।
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने शिक्षा क्षेत्र के विद्यालयों में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
आदेश की प्रतिलिपि संबंधित उच्च अधिकारियों, जिला प्रशासन, शिक्षा निदेशालय, DIET तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
