दिव्यांग छात्रों को 600 रुपये एस्कार्ट भत्ता मिलेगा
लखनऊ, । यूपी में परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट स्कूलों में पढ़ रहे दिव्यांग छात्रों को एस्कार्ट भत्ता दिया जाएगा। गंभीर व बहु दिव्यांग बच्चों को स्कूल तक पहुंचने में परेशान न हो इसके लिए पहली बार एस्कार्ट भत्ता दिया जाएगा। ऐसे 14152 दिव्यांग छात्रों को 600 रुपये प्रति महीने यह मदद दी जाएगी।
10 महीने तक यह सहायता दी जाएगी।
प्रोजेक्ट एडवाजरी बोर्ड की ओर से 8.49 करोड़ रुपये इसके लिए दिए गए हैं। फिलहाल इस मदद से बच्चों के माता-पिता पर स्कूल लाने व उन्हें वापस ले जाने का आर्थिक बोझ कम होगा। दिव्यांग बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। एस्कार्ट भत्ते के पात्र दिव्यांग छात्रों के माता-पिता के आधार लिंक बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से यह रकम भेजी जाएगी। स्कूली शिक्षा महानिदेशालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया। पूर्ण दृष्टि दिव्यांग, बौद्धिक दिव्यांग, सेरेब्रल पाल्सी, बहु दिव्यांग और जेई और एक्यूट इंसेफलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से प्रभावित पात्र छात्र शामिल होंगे।
