बड़ी खबर: इस जनपद में 10 और 11 अगस्त को अवकाश हुआ घोषित
मुरादाबाद। श्रावण मास की शिवरात्रि और कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी मुरादाबाद ने 10 और 11 अगस्त 2026 को जिले के सभी कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, श्रावण मास में सोमवार को विभिन्न मंदिरों में बड़ी संख्या में कांवड़ियों द्वारा जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की जाती है। इसके चलते मुख्य मार्गों और महानगर में जगह-जगह जाम की स्थिति उत्पन्न होने तथा दुर्घटना एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना रहती है।
इसी को देखते हुए 10 अगस्त (सोमवार) और 11 अगस्त (मंगलवार), शिवरात्रि के अवसर पर जिले के सभी कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा से संबंधित शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।
हालांकि, बोर्ड, विश्वविद्यालय अथवा आयोग द्वारा पहले से निर्धारित परीक्षाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैसिया द्वारा जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
