गाजीपुर में 24 अगस्त को कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में अवकाश
गाजीपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से 24 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर की ओर से 23 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार, जनपद के कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त एवं अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालयों में 24 अगस्त को शिक्षण कार्य नहीं होगा। यह निर्णय जिलाधिकारी गाजीपुर के निर्देश के क्रम में लिया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि छात्र-छात्राओं के लिए विद्यालय बंद रहेंगे, जबकि शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अन्य कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय कार्यों का संपादन करेंगे। सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में इससे पहले भी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जा चुका है।
