डीएम के निरीक्षण में 04 शिक्षक मिले अनुपस्थित, नोटिस जारी दिया
देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बृहस्पतिवार सुबह क्षेत्र के चार परिषदीय विद्यालयों और एक आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक और दो शिक्षा मित्र अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित चारों शिक्षकों को नोटिस जारी कारण बताने को कहा है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्रों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने का प्रयास किया। वही शिक्षकों से स्कूल में छात्रों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।
देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार सुबह भटनी विकासखंड के चार परिषदीय विद्यालयों और एक आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने 'स्कूल चलो अभियान' के तहत शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति, पठन-पाठन, शिक्षकों की मौजूदगी और विद्यालयों की अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान एक प्रधानाध्यापक, एक सहायक अध्यापिका और दो शिक्षामित्र अनुपस्थित पाए गए, जिनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुबह करीब 7:45 बजे जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय देवघाट, उच्च प्राथमिक विद्यालय बभनवली कला, प्राथमिक विद्यालय बभनवली कला और प्राथमिक विद्यालय सकरापार का दौरा किया। उन्होंने शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, 'स्कूल चलो अभियान' के तहत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
प्राथमिक विद्यालय सकरापार में जिलाधिकारी ने बच्चों से बातचीत की और उनकी शैक्षणिक क्षमता का आकलन करने के लिए प्रश्न पूछे। उन्होंने शिक्षकों को 'निपुण देवरिया' जनपद के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बच्चों को निपुण बनाने हेतु गंभीरता से कार्य करने को कहा। इसके अतिरिक्त, छात्रों को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने अभिभावक-शिक्षक बैठकों का नियमित आयोजन करने और अभिभावकों को परिषदीय विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं तथा शिक्षा की गुणवत्ता से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि 'स्कूल चलो अभियान' के तहत कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे और ड्रॉपआउट छात्रों को दोबारा स्कूल से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान बभनवली कला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने वहां बच्चों के लिए उपलब्ध पोषण और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
