8वें वेतन आयोग से छह फीसदी वेतन वृद्धि मांगी
लखनऊ, 8वें वेतन आयोग के दो दिवसीय दौरे के आखिरी दिन कर्मचारी संगठनों ने मंगलवार केा वेतन वृद्धि तीन से बढ़ाकर छह प्रतिशत किए जाने की मांग की।
फेडरेशन ऑफ डिप्लोमा इंजीनियर्स के अध्यक्ष एनडी द्विवेदी ने बताया कि जूनियर अभियंताओं की न्यूनतम तनख्वाह 1.39 लाख रुपये किए जाने की मांग की गई है। फेडरेशन ने अवर अभियंताओं की वेतन विसंगतियां दूर करने की मांग की। फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल में एनडी द्विवेदी के अलावा एसएस दुबे पूर्व राष्ट्रीय महासचिव आल इंडिया फेडरेशन ऑफ डिप्लोमा इंजीनियर्स और एचएन मिश्र प्रान्तीय अध्यक्ष डिप्लोमा इन्जीनियर्स महासंघ शामिल रहे।
पे-लेवल मर्ज करने की मांग:8वें वेतन आयोग के सदस्यों को दिए गए प्रस्तुतिकरण में संगठनों ने पे लेवल 6, 7 और 8 को एक साथ मर्ज किए जाने और लेवल 9 व 10 को एक साथ मर्ज किये जाने का सुझाव दिया। कर्मचारी संगठनों ने प्रति बच्चा प्रतिमाह 10,000 रुपये शिक्षा भत्ता दिए जाने की मांग की।
काला फीता बांधा
कई संगठनों को पक्ष रखे जाने का अवसर न देने पर विरोध भी हुआ। लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में मंगलवार को कर्मचारी व शिक्षकों ने काला फीता बांध कर सरकारी काम किया। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के लखनऊ जिला अध्यक्ष अफीफ सिद्दीकी ने बताया कि हमें बुलाया जाना चाहिए था।
