वरिष्ठता की अनदेखी पर 36 जिलों के शिक्षकों का प्रदर्शन
लखनऊ। तबादले की आस लेकर वर्षों से इंतजार कर रहे परिषदीय शिक्षकों का धैर्य सोमवार को जवाब दे गया। वरिष्ठता को स्थानांतरण का आधार बनाए जाने की मांग को लेकर 36 जिलों से आए शिक्षक निशातगंज स्थित बेसिक शिक्षा निदेशालय शिविर कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। शिक्षकों का आरोप है कि हर बार तबादला नीति में बदलाव होने से लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षक लगातार पीछे छूट रहे हैं। धरने पर बैठे शिक्षकों ने बताया कि वे 12 से 15 वर्षों से विभिन्न जिलों में सेवाएं दे रहे हैं और हर वर्ष स्थानांतरण की उम्मीद करते हैं, लेकिन हर बार नीति में बदलाव उनकी उम्मीदों पर पानी फेर देता है। उनका कहना है कि इस बार भी तबादला नीति में दिए गए पांच विकल्पों के चलते वरिष्ठ शिक्षकों के लिए स्थानांतरण का लाभ मिलना मुश्किल हो गया है।
