आरक्षण निर्धारण के साथ अपलोड होंगी बीईओ की 234 रिक्तियां
प्रयागराज छह वर्ष से अटकी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) की भर्ती का रास्ता समकक्ष अर्हता स्पष्ट हो जाने के बाद साफ हो गया है। बेसिक शिक्षा निदेशालय की ओर से रिक्त पदों का विवरण जुटा लिया गया है। पदोन्नति के 10 प्रतिशत पदों को रोकने के बाद लगभग 234 पदों की रिक्तियों का विवरण (अधियाचन) उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेजा जाएगा। इसके लिए पदों का आरक्षणवार निर्धारण किया जा रहा है। अगले सप्ताह अधियाचन आनलाइन अपलोड किए जाने की तैयारी है। इसके बाद परीक्षण कर लोक सेवा आयोग विज्ञापन जारी करने के साथ चयन प्रक्रिया शुरू करेगा।
प्रदेश में बीईओ के 1031 पद सृजित हैं। समकक्ष अर्हता विवाद के चलते 2019 के बाद खंड शिक्षा अधिकारियों की भर्ती नहीं आई। इसके अलावा प्रतिवर्ष सेवानिवृत्त होते रहने और 165 के बीएसए समकक्ष
पदोन्नति के लिए 10 प्रतिशत पद रोकेगा बेसिक शिक्षा विभाग
लगभग हर जिलों में बीईओ की कमी, कुछ में एक-दो कार्यरत
पदों पर पदोन्नत हो जाने से प्रदेश में 350 के लगभग बीईओ के पद रिक्त हो गए। अब शासन ने समकक्ष अर्हता का निस्तारण कर भर्ती के लिए बीएड को स्पष्ट कर दिया है। इसके बाद जल्द भर्ती कराने के लिए शिक्षा निदेशालय ने बीईओ के रिक्त पद जुटाए। चूंकि 10 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरे जाने हैं, इसलिए अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) मनोज कुमार द्विवेदी ने सभी पदों का परीक्षण कराया। पदोन्नति के पदों को छोड़कर अन्य के लिए आरक्षण का निर्धारण किया जा रहा है, ताकि अधियाचन भेजे जाने के बाद चयन प्रक्रिया त्रुटियों के कारण बाधित न हो। आरक्षण निर्धारण जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। भर्ती पूर्ण होने पर जनपदों में खंड शिक्षा अधिकारियों को कमी पूरी हो सकेगी।
