14 अगस्त को प्रदेश के सभी स्कूलों में विशेष स्वच्छता अभियान, पेयजल से लेकर बिजली व्यवस्था तक होगी जांच
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में 14 अगस्त 2026 को विशेष विद्यालय स्वच्छता एवं सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। अभियान के दौरान विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, बिजली और सुरक्षित कक्षाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा।
विभाग ने कहा है कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय परिसर में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए विद्यालय भवनों और परिसर की साफ-सफाई के साथ-साथ आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इन व्यवस्थाओं की होगी विशेष जांच
अभियान के तहत विद्यालयों में उपलब्ध सभी पेयजल स्रोतों जैसे हैंडपंप, नल, आरओ/फिल्टर आदि की कार्यशीलता जांची जाएगी। इसके अलावा मल्टीपल हैंडवॉश सिस्टम, पेयजल टंकी और जल भंडारण पात्रों की सफाई भी कराई जाएगी।
पेयजल स्रोतों के आसपास जलभराव और गंदगी की सफाई, खराब नल-पाइप एवं टोटी की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय के सभी शौचालयों की सफाई के साथ प्रत्येक शौचालय में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
शौचालयों के नल, फ्लश, जल निकासी, दरवाजे और कुंडी आदि की जांच कर उन्हें सही कराया जाएगा। हाथ धोने के लिए हैंडवॉश/साबुन की उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी होगी।
बिजली व्यवस्था और जर्जर भवनों पर भी फोकस
विद्यालयों में अव्यवस्थित विद्युत तारों को व्यवस्थित करने तथा बल्ब, ट्यूबलाइट और पंखों सहित सभी विद्युत उपकरणों को क्रियाशील कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं जर्जर विद्यालय भवनों/ढांचों की दीवारों पर लाल पेंट से ‘प्रवेश निषेध’ लिखने और विद्यार्थियों को ऐसे स्थानों के पास जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षित कक्षाओं में ही शिक्षण कार्य कराने को कहा गया है। यदि सुरक्षित कक्ष उपलब्ध नहीं हैं तो निकटतम परिषदीय विद्यालय, पंचायत भवन अथवा अन्य सुरक्षित सरकारी भवन में विद्यालय संचालन की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश हैं।
परिसर और किचन शेड की भी होगी सफाई
विद्यालय परिसर एवं कक्ष-कक्षों के भीतर-बाहर, छत, स्थल और किचन शेड आदि की साफ-सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही झाड़ियों, जलभराव, एकत्रित कूड़ा-कचरा/अपशिष्ट पदार्थ तथा विद्युत कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण कराया जाएगा।
फोटो और वीडियो भेजने के निर्देश
विभाग ने अभियान के दौरान कराए गए साफ-सफाई एवं अन्य कार्यों के फोटोग्राफ और वीडियो सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक विद्यालय से 2-2 फोटोग्राफ तथा 1 वीडियो संबंधित ईमेल आईडी ssaupcivilnew@gmail.com पर शेयर करने को कहा गया है।
17 अगस्त को होगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
जारी निर्देश के अनुसार अभियान के बाद 17 अगस्त 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक का लिंक और समय संबंधित अधिकारियों को अलग से उपलब्ध कराया जाएगा।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का जनपद, विकासखंड और विद्यालय स्तर तक प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।

