इस जिले के 10 स्कूल तीन दिन रहेंगे बंद, 08 अगस्त को सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी; डीएम का आदेश जारी
बरेली में तीन दिवसीय उर्स-ए-आला हजरत के मद्देनजर शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने छह, सात और आठ अगस्त को शहर के 10 प्रमुख स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। इसके अलावा, आठ अगस्त को पूरे नगर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।
उर्स-ए-आला हजरत का आयोजन छह से आठ अगस्त तक इस्लामियां इंटर कॉलेज के परिसर में होगा। इस आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में मुरीद और जायरीन पहुंचते हैं। शहर में अत्यधिक भीड़ और जाम की स्थिति बनने की आशंका है। इसी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देश जारी किए हैं। छात्र-छात्राओं को जाम से होने वाली असुविधा और हादसों की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने उर्स स्थल के आसपास के 10 प्रमुख स्कूलों को तीन दिन के लिए बंद रखने का आदेश दिया है।
इन 10 स्कूलों में रहेगा अवकाश
एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज और कस्तूरबा नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज बंद रहेंगे। खलील इंटर कॉलेज, एस.वी. इंटर कॉलेज और डीएवी कालीचरन इंटर कॉलेज में भी अवकाश रहेगा। रामभरोसे लाल गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज और पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज भी बंद रहेंगे। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भी छह से आठ अगस्त तक अवकाश पर रहेगा
आठ अगस्त को शहर के सभी स्कूलों में अवकाश
उर्स के अंतिम दिन आठ अगस्त को शहर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा। इसमें यूपी बोर्ड, बेसिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध सभी स्कूल-कॉलेज शामिल हैं। तकनीकी संस्थान, डिग्री कॉलेज, आईटीआई और पॉलीटेक्निक भी इस दिन बंद रहेंगे। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने तय समय सारिणी के अनुसार ही संचालित होंगी।
