यूपी बोर्ड टॉपर को दो साल तक मिलेगी छात्रवृत्ति
लखनऊ। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए काम करने वाली संस्था इंडिया लिटरेसी बोर्ड यूपी बोर्ड परीक्षा के टॉपर को दो साल तक छात्रवृत्ति देगी। यह निर्णय संस्था की कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिया गया है।
बोर्ड की निदेशक संध्या तिवारी ने बताया कि छात्रवृत्ति देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र छात्रों को 17 सितंबर को डॉ. वेल्दी फिशर जयंती समारोह में सम्मानित किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत हाईस्कूल के राज्य टॉपर को तीन हजार हर महीने और इंटर के राज्य टॉपर को पांच हजार रुपये हर महीने की छात्रवृत्ति दो वर्ष तक मिलेगी। उन्होंने बताया इस साल की हाईस्कूल परीक्षा में कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा ने 97.83% अंक के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया।
इंटरमीडिएट में शिखा वर्मा ने 97.60% अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान पाया। उन्होंने बताया कि इंडिया लिटरेसी बोर्ड द्वारा संचालित वेल्दी फिशर चिल्ड्रेस अकादमी के विद्यालय स्तर के टॉपर्स को भी इसी योजना का लाभ मिलेगा। साथ ही बोर्ड ने एक ही परिवार के दूसरे बच्चे को शिक्षण शुल्क में 20% की छूट देगा। एकल मां के पहले और दूसरे बच्चे को 30-30 प्रतिशत शुल्क में छूट दी जाएगी।
