जनपद में आज से खुलेंगे स्कूल, साढ़े बारह बजे तक संचालन
वाराणसी, गर्मी की छुट्टी के बाद जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय स्कूल मंगलवार से खुल जाएंगे। हालांकि भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर इनका संचालन सुबह 7.30 से दोपहर 12.30 बजे तक किया जाएगा। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने सोमवार को सभी बेसिक स्कूलों को यह आदेश जारी किया है। उन्होंने इसके साथ ही स्कूलों में साफ-सफाई के निर्देश भी दिए हैं।
बीएसए ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को भी आदेश जारी कर स्कूलों का निरीक्षण कर सफाई, फर्नीचर, पेयजल, शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच के निर्देश दिए हैं। बीएसए ने बताया कि सभी स्कूलों को कंपोजिट ग्रांट की 50 फीसदी राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। ऐसे में विद्यालय परिसर, कक्षाओं के साथ खिड़कियों, दरवाजों, पंखों, फर्नीचर और ब्लैकबोर्ड आदि की सफाई, विद्यालय के आसपास जलभराव, गंदगी का निस्तारण कराया जाए। सभी शौचालयों की सफाई और कीटाणुशोधन सुनिश्चित किया जाए। स्कूल में पर्याप्त पानी की व्यवस्था रखी जाए। पेयजल टंकियों, वाटर कूलर एवं जल स्रोतों की सफाई कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
विद्यालय परिसर में कूड़े का नियमित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आगामी बारिश को देखते हुए विद्युत सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध और रसोईघर-मध्याह्न भोजन से सम्बन्धित सभी स्थानों की विशेष सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखी जाए। परिसर में उगी झाड़ियों, छत पर गंदगी और परिसर के आसपास जलभराव का निस्तारण कर दवा का छिड़काव भी कराया जाए।
