जनगणना 2027: दूसरे चरण के प्रशिक्षण के लिए शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विद्यालयों से किया जाएगा कार्यमुक्त, तहसीलदार तिर्वा ने जारी किया आदेश
कन्नौज। जनगणना-2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या की गणना) की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में कार्यालय प्रभारी अधिकारी/तहसीलदार तिर्वा, जनपद कन्नौज की ओर से 21 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए नियुक्त प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए अपने-अपने विद्यालयों से कार्यमुक्त किया जाएगा।
संयुक्त निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय, लखनऊ तथा जिलाधिकारी कन्नौज के निर्देशों के क्रम में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण 21 अक्टूबर 2026 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज तिर्वा, सेंट जेवियर्स स्कूल तिर्वा एवं कैप्टन वीपीएस स्कूल तिर्वा में कराया जा रहा है।
आदेश में जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कन्नौज को निर्देशित किया गया है कि जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 5 एवं 11 के अंतर्गत नियुक्त प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने के लिए उनके विद्यालयों से कार्यमुक्त कराने की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
साथ ही संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण की तिथि, समय एवं स्थान की जानकारी उनके मोबाइल नंबर और ई-मेल पर भेजे जाने की बात कही गई है।
इस आदेश की प्रतिलिपि जिला जनगणना अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी तिर्वा तथा खंड शिक्षा अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
आदेश जारीकर्ता:
प्रभारी अधिकारी/तहसीलदार, तिर्वा, जनपद कन्नौज।
