पीएमश्री विद्यालयों में चलेगा मेरा गांव मेरा स्कूल अभियान
लखनऊ। प्रदेश के 1565 पीएमश्री विद्यालयों में जनसहभागिता से सुधार के लिए मेरा गांव-मेरा स्कूल अभियान चलाया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग विद्यालय, अभिभावक और ग्राम समुदाय के साथ मिलकर गढ़ेंगे नया परिवेश बनाएंगे। नवंबर से विशेष आयोजन शुरू किया जाएगा। विद्यालयों की ब्रांडिंग के साथ सुधार के लिए आम लोगों के सहयोग से कई कदम भी उठाए जाएंगे।
पीएमश्री विद्यालयों को समुदाय से जोड़ने की पहल तेज की गई है। मेरा गांव-मेरा विद्यालय अभियान से पीएमश्री स्कूलों को स्थानीय समुदाय से जोड़ने, अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने और बच्चों की प्रतिभा को मंच देने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय, परिवार और ग्राम समुदाय की साझेदारी से तैयार यह पहल बच्चों की शिक्षा को सामाजिक सहयोग से जोड़ते हुए विद्यालयों को स्थानीय स्तर पर सीखने, सहभागिता और विकास के केंद्र के रूप में और भी सशक्त किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह कहते हैं कि अभिभावकों, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों व अन्य स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इन्हें एक साझा मंच पर लाकर बच्चों की शिक्षा, नामांकन, ठहराव और सीखने की प्रक्रिया को और अधिक समृद्ध बनाया जाएगा। इस दौरान समुदाय को विद्यालय की गतिविधियों तथा समग्र शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
