बरेली में भी कल नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद, मतदान के चलते विशेष अवकाश घोषित
बरेली। बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 हेतु कल यानी 23 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को मतदान दिवस निर्धारित है।
इस चुनावी प्रक्रिया के दृष्टिगत जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी बरेली के निर्देशानुसार जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ० अजीत कुमार और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ० विनीता द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर जनपद के स्कूलों में विशेष अवकाश घोषित किया गया है।
मुख्य बिंदु:
- सभी बोर्ड के स्कूलों में छुट्टी: जनपद बरेली के अंतर्गत आने वाले कक्षा नर्सरी से कक्षा 12 तक के समस्त माध्यमिक शिक्षा परिषद, बेसिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE), संस्कृत बोर्ड एवं अन्य सभी समकक्ष बोर्डों से संचालित विद्यालयों में 23.10.2026 को विशेष अवकाश रहेगा।
- कड़ाई से अनुपालन के निर्देश: अधिकारियों ने जिले के सभी राजकीय, अशासकीय, वित्तविहीन और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
