प्राचार्य चयन परीक्षा 24 सितंबर को, केवल लखनऊ में दो केंद्रों पर होगी परीक्षा
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्राचार्य चयन परीक्षा (विज्ञापन संख्या-02/2026) की तिथि घोषित कर दी है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार परीक्षा 24 सितंबर 2026 को सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा का आयोजन राज्य मुख्यालय लखनऊ के कुल दो परीक्षा केंद्रों पर एक ही पाली में किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना देखने के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक का उपयोग करने को कहा है।
आयोग के अनुसार परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना 14 सितंबर 2026 से वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। वहीं अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र 21 सितंबर 2026 से डाउनलोड कर सकेंगे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें।
