अलीगढ़ में 14 नवंबर को होगी बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की सगाई
अलीगढ़। यूपी की सियासत के सबसे बड़े परिवारों में से एक कल्याण परिवार में जल्द ही शहनाइयां बजने वाली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के पौत्र और यूपी सरकार के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह की सगाई 14 नवंबर को ताला नगरी स्थित मैदान में होगी।
इस दौरान उनके उनके छोटे भाई अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभसिंह वर्मा की भी सगाई होगी। शादी के दो तीन दिन बाद लखनऊ में भव्य रिसेप्शन कार्यक्रम होगा। रिसेप्शन का एक कार्यक्रम दिल्ली में भी आयोजित होने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार दोनों की शादी 27 नवंबर को दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में प्रस्तावित है, हालांकि तारीख में एक दिन आगे-पीछे हो सकता है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत वीआईपी पहुंचेंगे।
