स्कूलों के फर्जी वीडियो बनाने वालों पर होगी FIR, सीएम ने मिड-डे मील और कक्षाओं की जांच के लिए कहा
लखनऊ। स्कूल-कॉलेजों को लेकर गलत और भ्रामक वीडियो बनाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर अब सीधे एफआईआर होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे वीडियो प्रसारित किए जाने पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारियों को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों को लेकर किसी भी तरह की गलत जानकारी फैलाने से माहौल खराब होता है। इसलिए भ्रामक वीडियो और सूचनाओं की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही सिर्फ कार्रवाई तक सीमित न
रहते हुए स्कूलों की वास्तविक स्थिति भी सामने लाई जाए। उन्होंने मिड-डे मील, बच्चों के लिए शौचालय, कक्षाओं और दूसरी सुविधाओं की स्थलीय जांच कराने को कहा। जिलाधिकारियों को नियमित स्कूल निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। बाल वाटिकाओं का संचालन भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
