वायरल वीडियो: बच्चों से स्कूल की सफाई कराई, दो शिक्षिकाएं निलंबित
मोहनलालगंज, ।
मोहनलालगंज के प्राथमिक विद्यालय लालपुर में बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी बड़ी लापरवाही सामने आई है। शुक्रवार को स्कूल के मासूम बच्चों को भवन की छत पर चढ़ाकर सफाई कराई गई।
छत के ऊपर से बिजली के तार गुजरने के बावजूद बच्चों से कराया जा रहा यह जोखिम भरा काम ग्रामीणों ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
बीएसए विपिन कुमार ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सहायक अध्यापिका श्वेता त्रिपाठी और शुभप्रभा रानी के विरुद्ध कर्तव्यों के विपरीत व्यवहार तथा विभागीय दायित्वों के उल्लंघन के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए। इसके आधार पर दोनों को निलंबित कर दिया गया।
बीएसए विपिन कुमार ने मामले की विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) को जांच अधिकारी नामित किया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
