पुरानी पेंशन बहाली व टीईटी मामले में दिल्ली कूच का एलान
लखनऊ। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) ने पुरानी पेंशन बहाली व टीईटी अनिवार्यता की समाप्ति पर पहले प्रदेश फिर राष्ट्रव्यापी आंदोलन करने का निर्णय लिया है। इसके लिए शिक्षक दिल्ली कूच भी करेंगे। सभी प्रांतीय पदाधिकारी, मांडलिक व जिला अध्यक्ष, मंत्री की ऑनलाइन बैठक में आगामी आंदोलन व लंबित विभिन्न विभागीय मुद्दों पर चर्चा हुई। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने कहा कि सरकार 2017 में किए गए अव्यावहारिक संशोधन को रद्द कर शिक्षकों को टीईटी अनिवार्यता से राहत देते हुए लाखों शिक्षकों की सेवा सुरक्षा करे। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली न होने से शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा की चिंता है। अगर समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो लखनऊ व जंतर मंतर दिल्ली में धरने की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से बढ़ते विभागीय काम के दबाव व जबरन गैर शैक्षणिक कार्य से शिक्षक मानसिक रूप से काफी परेशान हैं।
